स्मार्ट सिटी सागर के पॉश इलाके में आफत की बाढ़, किचिन, बाथरूम, बेडरूम तक बाढ़
सागर में मुसीबत की बाढ़, कई कॉलोनियां जलमग्न, लोगों ने चक्काजाम किया
भारी बारिश के मद्देनजर सागर कलेक्टर ने स्कूलों की छुट्टी की
मानसून के दूसरे दौर में शुक्रवार—शनिवार की रात सागर स्मार्ट सिटी पर भारी पड़ गई। रात करीब 3 बजे से जोरदार बारिश का दौर जो शुरू हुआ तो अल सुबह हालात बिगड़ गए। शहर में तालाब किनारे की पॉश कॉलोनियों से लेकर तिली मार्ग, तिली वार्ड, बाघराज वार्ड में बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। घरों में दो से तीन फीट तक भरे पानी में गृहस्थी बर्बाद हो गई। परेशान लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन कर दिया।
सागर में रात करीब 3 बजे से सुबह 9 बजे तक छह घंटे में 6 इंच बारिश हो गई। इस कारण आधे शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। लोगों की जब घर—गृहस्थी खराब हुई तो आक्रोश फूट पड़ा लोग सड़क पर आकर सरकार और प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। तिली इलाके में सड़क पर जाम लगा दिया। इसी प्रकार किशोर न्यायालय के पास भी लोगों ने सड़क पर आकर झमाझम बारिश में प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश राजपूत व अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया और पानी निकालने के लिए व्यवस्था कराई।
इन इलाकों में एकदम से बिगड़े हालात
बारिश का दौर शुरू होते ही शहर के मधुकर शाह वार्ड, गोपालगंज के पीछे वाले हिस्से, श्रीराम नगर, वैशाली नगर, बसंत बिहार, बैंक कॉलोनी, तिरूपति पुरम कॉलोनी, शिवाजी वार्ड से लेकर बाघराज वार्ड व पहाड़ियों के नीचे बसी कॉलोनी जिसमें सनराईज टाउन तक शामिल हैं, पानी ही पानी हो गया। कॉलोनी और बस्तियों में लोगों के घरों में पलंग, सोफा, फर्नीचर, फ्रिज, कूलर, गद्दे, रजाई, किचिन सब बर्बाद हो गए। सबसे ज्यादा हालात खराब नालों के आसपास बने मकानों में थी। लोगों को ऐसा लग रहा था बाढ़ के पानी के साथ मकान ही न बह जाए।
घर से नहीं निकले नेता—वरिष्ठ अधिकारी
आधे शहर में बाढ़ जैसे हालात बने थे, बावजूद इसके सुबह 11 बजे तक कोई भी जनप्रतिनिधि या वरिष्ठ अधिकारी मैदान में नहीं उतरा था। सभी सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी जुटा रहे थे। केवल सिटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम के सहायक आयुक्त व अमला जेसीबी लेकर तिली मार्ग पर नालों की सफाई कराकर पानी की निकासी कराते नजर आया।
राजेश राजपूत सिटी मजेस्ट्रेट सागर
0 Comments